जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की पूरी साजिश रची थी। पत्नी के कहने पर प्रेमी ने पहले युवक को शराब पिलाई और फिर नशे की हालत में उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज के अनुसार, इस मामले में नंदपुरी कॉलोनी बाइस गोदाम निवासी मोनू जाटव उर्फ मोनू चौधरी (28) और गंगोत्री नगर, त्रिवेणी नगर निवासी आरती जाटव (32) को गिरफ्तार किया गया है। मामले की रिपोर्ट मृतक के चाचा मांगीलाल निवासी सिकरी (मध्यप्रदेश) ने दर्ज करवाई थी।
पुलिस के मुताबिक मृतक महेश जाटव मूल रूप से शिवपुरी (मध्यप्रदेश) का रहने वाला था और जयपुर में मजदूरी करता था। आरोपी मोनू चौधरी की मृतक से पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। 11 जून को मोनू ने महेश को शराब पीने के बहाने त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे बुलाया, जहां उसे शराब पिलाई गई और बाद में बजरी मंडी की ओर ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
वारदात के बाद पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर उसे रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वह मध्यप्रदेश भागने की फिराक में था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरती और मोनू के बीच पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। महेश को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो उसने पत्नी को मोनू से संपर्क रखने से मना किया और उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद मोनू ने महेश से दोस्ती बढ़ाकर उसे अपने जाल में फंसा लिया और अक्सर उसके साथ शराब पार्टी करने लगा।
बताया गया कि वारदात वाले दिन आरती ने मोनू को 1200 रुपये देकर महेश की हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए कहा था। योजना के तहत पहले शराब पिलाकर उसे नशे में किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। बाद में आरोपी ने इंस्टाग्राम कॉल के जरिए पत्नी को वारदात की जानकारी दी और फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.