राजस्थान। राज्य के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने सत्र 2026-27 से विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के दैनिक खुराक भत्ते में वृद्धि की घोषणा की है। अब यह भत्ता 150 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है। यह राशि क्षेत्रीय, जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पूर्व आयोजित शिविरों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी।
2019 के बाद इस भत्ते में कोई वृद्धि नहीं हुई थी, जबकि खाद्य पदार्थ, दूध, फल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को अपने भोजन का प्रबंध करना मुश्किल हो रहा था। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 32 और प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 23 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं, जिसमें प्रतिवर्ष दो हजार से अधिक खिलाड़ी भाग लेते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार 14-19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिदिन 2500-3000 कैलोरी ऊर्जा की आवश्यकता होती है। पर्याप्त प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन, मिनरल्स, दूध, फल और हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करना जरूरी है। नए आदेश से खिलाड़ियों को बेहतर पोषण और सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी प्रतियोगिता में आत्मविश्वास और प्रदर्शन में सुधार होगा। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद पानेरी ने भी भत्ते में वृद्धि को खेल प्रतिभाओं के लिए प्रोत्साहन बताया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.