झुनूं जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के गांव चुड़ैला में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 24 वर्षीय युवक चंदन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार के अंदर मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के शरीर पर कपड़े नहीं होने के कारण मामला और अधिक संदिग्ध माना जा रहा है।
मृतक के पिता सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र चंदन, जो चेन्नई में मजदूरी करता था, 15 जून को घर आया था। 17 जून की सुबह गांव के ही रोनित नामक युवक उसे घर से बाहर बुलाकर ले गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि फोन करने पर आरोपी ने धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया।
शाम को जानकारी मिली कि चंदन का शव रोनित की कार में पड़ा हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया कि रोनित, उसकी भाभी प्रियंका और अन्य लोगों ने मिलकर साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बीडीके अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं और कहा कि घटना की सूचना के बावजूद मौके पर उच्च अधिकारी नहीं पहुंचे तथा देर से प्राथमिकी दर्ज की गई। धरना बाद में पुलिस के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर समाप्त कर दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.