श्रीगंगानगर शहर के सत्यम नगर इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मकान की प्रथम मंजिल पर छत डालने की तैयारी चल रही थी, तभी लोहे का सरिया ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।
घटना में 20 वर्षीय संदीप कुमार करंट लगते ही गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसे बचाने का प्रयास करने वाले 65 वर्षीय अमरीक सिंह भी करंट की चपेट में आ गए और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे।
सूचना मिलने पर जवाहरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। विद्युत निगम के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि हाईटेंशन लाइन के पास निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय क्यों नहीं किए गए। यह घटना एक बार फिर निर्माण स्थलों पर बिजली सुरक्षा नियमों की अनदेखी को उजागर करती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.