राजसमंद। दिवेर थाना क्षेत्र की बागाना ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुरजना चौकी निवासी 20 वर्षीय अर्जुन दमामी अपनी मंगेतर और मंगेतर के अंकल के साथ गोरी धाम घूमने आए थे। गोरी धाम पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल मंदिर परिसर में रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर नीचे फोटोशूट करने गए।
नीचे पानी के नजदीक जाने के दौरान अर्जुन का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुंड में समा गया। मंगेतर की मदद की पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन पहले दिन पानी की गहराई और अंधेरे के कारण बचाव संभव नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलने पर दिवेर थानाधिकारी दौलत सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल रंगलाल और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नागरिक सुरक्षा टीम (सिविल डिफेंस) राजसमंद को भी बुलाया। मंगलवार देर शाम तक पानी में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह उदयपुर से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की विशेष टीम बुलाकर सिविल डिफेंस, दिवेर पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शव को गहरे कुंड से बाहर निकाला गया। शव को खाईनुमा हिस्से से लेकर लगभग 100 फीट ऊंची और खड़ी पहाड़ी के ऊपर तक सुरक्षित लाना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर भारी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित पहाड़ी पर पहुँचाया।
थानाधिकारी दौलत सिंह की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। अर्जुन और उसकी मंगेतर की एक महीने पूर्व ही सगाई हुई थी और इस साल दिसंबर में शादी होने वाली थी। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और ग्रामीणों को शोक में डुबो दिया।
यह घटना गोरी धाम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर सुरक्षा के महत्व को भी उजागर करती है और स्थानीय प्रशासन की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को सामने लाती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.