Download App Now Register Now

राजस्थान में ANTF का बड़ा एक्शन: 6 जिलों में नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर रविवार को राज्य के कई जिलों में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी और संगठित कार्रवाई की है। इस विशेष ऑपरेशन में भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, उदयपुर और नागौर सहित कुल छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 92 लाख रुपए कीमत के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए।

ANTF के महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के दौरान कुल 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, 139 हरे गांजे के पौधे, स्मैक और अफीम बरामद की गई है। इस कार्रवाई में 6 शातिर तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है, जो लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे।

भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां एक ट्रक को रोककर जांच की गई। देखने में ट्रक पूरी तरह खाली लग रहा था, लेकिन गहन तलाशी में चेसिस, बॉडी और फर्श के बीच बनाए गए करीब 1-1 फीट गहरे गुप्त चैंबर का खुलासा हुआ। पुलिस ने गैस कटर की मदद से ट्रक को काटकर भीतर छिपाया गया 517.07 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद किया। इस मामले में आरोपी प्रकाश जाट (31), निवासी धनाऊ (बाड़मेर) को गिरफ्तार किया गया, जो प्रति चक्कर 20 हजार रुपए लेकर तस्करी करता था।

करौली जिले के हिण्डौन सिटी थाना क्षेत्र में बयाना रोड स्थित एक बगीची में छापेमारी कर अवैध गांजे की खेती पकड़ी गई। मौके पर 0.23 हेक्टेयर भूमि पर गांजे के 139 हरे पौधे (वजन 26.215 किलोग्राम) पाए गए। जमीन की पैमाइश के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह फसल अवैध रूप से उगाई जा रही थी, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

बाड़मेर जिले के चौहटन क्षेत्र में विरात्रा तिराहा स्थित एक कैफे और दुकान पर दबिश दी गई, जहां से 1.806 किलोग्राम डोडा चूरा, 75 ग्राम अफीम और 3600 रुपए नकद बरामद किए गए। वहीं धनाऊ कस्बे में कपड़े की दुकान की आड़ में डोडा चूरा बेचने का मामला सामने आया, जहां 448 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त कर दुकान संचालक को गिरफ्तार किया गया।

उदयपुर में सविना थाना पुलिस ने स्कूटी सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा, जिनकी डिग्गी से 483.9 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान नवाजिश खान और संजय लोहार के रूप में हुई है।

नागौर जिले के गोगेलाव गांव में पुलिस ने बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी में स्मैक बेचते हुए एक पुराने तस्कर नाथूराम जाट को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 7 ग्राम स्मैक बरामद हुई। खास बात यह है कि आरोपी को इससे पहले भी इसी वर्ष एएनटीएफ द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह संयुक्त अभियान राज्य में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Written By

Chanchal Rathore

Desk Reporter

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | | | | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! | राजस्थान हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: 'आटा-साटा' प्रथा को बताया कानूनी व नैतिक रूप से दिवालिया, कहा- 'बेटी किसी सौदे की कीमत नहीं' | जेडीए की नाक के नीचे सरकारी जमीन पर फिर कब्जा, बुलडोजर चला… लेकिन अवैध कॉलोनी फिर खड़ी हो गई! |