राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 139.600 के पास सुबह करीब 6 बजे सवारियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए खेत में जाकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 42 लोग सवार थे, जिनमें 20 महिलाएं, 10 पुरुष और 12 बच्चे शामिल थे। हादसे में बस में सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बस चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ यात्रियों की नींद खुली और उन्होंने खुद को घायल हालत में पाया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। यात्री बस से बाहर निकलने की कोशिश करते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को पिनान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया।
अलवर जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में 63 वर्षीय गीता पत्नी हरिशंकर निवासी सवाई माधोपुर, 57 वर्षीय ललिता पत्नी ओमप्रकाश निवासी गंगापुर सिटी, 55 वर्षीय विमला पत्नी छारुलाल निवासी खंडार सवाई माधोपुर तथा 62 वर्षीय हरिशंकर पुत्र गुलाबचंद निवासी खंडार सवाई माधोपुर की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं का दल मध्यप्रदेश के श्योपुरा से गोवर्धन भागवत कथा कराने के लिए जा रहा था। दो बसों में कुल करीब 80 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें से एक बस हादसे का शिकार हुई। दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 42 लोग सवार थे। रैणी थाना प्रभारी बने सिंह मीणा स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.