राजस्थान के बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद के गले और पेट पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। घायल आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जोधपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे सिवाना कस्बे की है। सिवाना थाना प्रभारी सीआई चंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी नितेश कुमार जीनगर ने अपनी पत्नी कान्ता को उसके पीहर के घर के पास स्थित एक गली में बुलाया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर नितेश ने गुस्से में आकर पत्नी कान्ता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी नितेश ने खुद पर भी हमला कर लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को सिवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 30 वर्षीय कान्ता पत्नी नितेश कुमार जीनगर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, 32 वर्षीय नितेश पुत्र मदनलाल जीनगर को प्राथमिक उपचार के बाद पहले बालोतरा और बाद में गंभीर हालत होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी देरावर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर शव को सिवाना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। साथ ही एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.