राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार चल रही हीटवेव के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। दौसा जिले में बूंदाबांदी हुई जबकि झुंझुनूं जिले के खेतड़ी क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली।
मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि राज्य के अधिकांश अन्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बताया कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे एक बार फिर लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 4-5 दिनों के बाद पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में फिर से हीटवेव चल सकती है। दिन के समय गर्म हवाएं और अधिक तापमान लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
झुंझुनूं जिले में शुक्रवार को भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। सुबह आसमान साफ रहने के बाद दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में कई स्थानों पर सड़क का डामर तक नरम पड़ता दिखाई दिया। दिन और रात दोनों समय उमस बनी रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गर्मी का असर इतना अधिक था कि पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम दिखाई दिए। बाजारों और मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आई और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने 25 और 26 मई के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.