अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जैसलमेर में रविवार सुबह योगमय वातावरण देखने को मिला। सोनार दुर्ग की तलहटी स्थित शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद योग साधकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ रही, जिसके अनुरूप जिले भर में जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, कपालभाति और विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही गड़ीसर सरोवर और सोनार दुर्ग प्रोल पर भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार जैसलमेर द्वारा योग सत्र के बाद तुलसी के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया और लोगों को योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पोकरण क्षेत्र के राजकीय कन्या महाविद्यालय में ‘योग भी, वोट भी’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया और जीवन में योग अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
मोडरडी गांव के राजकीय विद्यालय में भी योग दिवस मनाया गया, जहां विद्यार्थियों को योग और प्राणायाम की जानकारी दी गई और नियमित योग को जीवन में अपनाने की बात कही गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.