झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के उरीका गांव में अवैध शराब की दुकान पर युवक की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर उरीका से हरियाणा के सतनाली जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। मृतक की पहचान उरीका निवासी संजय सिंह नायक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि संजय सिंह को अवैध शराब की दुकान संचालक ने मजदूरी के लिए बुलाया था, जिसके बाद कुछ ही समय में उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित रूप से जहरीली शराब पिलाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद शराब दुकान का ताला तोड़कर जांच की और साक्ष्य जुटाए। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने अवैध शराब की दुकानों पर कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। प्रदर्शन के चलते करीब पांच घंटे तक मार्ग पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.