राजस्थान की राजधानी जयपुर में चल रहे "शहरी सेवा शिविर–2026" के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा नागरिकों की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की सोच को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित इन शिविरों में आमजन को मौके पर ही राहत उपलब्ध कराई जा रही है।
नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन तथा जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के मार्गदर्शन में इन शिविरों में ई-फाइलिंग और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से पट्टा वितरण, नामांतरण, लीजमुक्ति प्रमाण पत्र, भवन मानचित्र स्वीकृति, उपविभाजन एवं पुनर्गठन जैसे कार्यों को तेजी से निपटाया जा रहा है।
18 जून को आयोजित शिविरों में JDA ने एक ही दिन में कुल 227 प्रकरणों का सफल निस्तारण किया, जिससे बड़ी संख्या में नागरिकों को राहत मिली। इनमें 152 पट्टे जारी किए गए, 51 नामांतरण के मामले निपटाए गए, 7 लीजमुक्ति प्रमाण पत्र जारी किए गए, 4 भवन मानचित्र स्वीकृत किए गए तथा 13 उपविभाजन एवं पुनर्गठन से जुड़े प्रकरणों का समाधान किया गया।
JDA के अनुसार इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित समाधान हो सके और लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिले।
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अपने संबंधित जोन में निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपने पट्टा, नामांतरण, लीज, आवंटन एवं अन्य लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करवाएं और राज्य सरकार की इस जनहितकारी पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.