प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पटवार हल्का नौगांवा के ग्राम देवल्दी स्थित चारागाह आराजी नम्बर 17 पर बने अवैध फार्महाउस को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जांच में सामने आया कि यह फार्महाउस ड्रग तस्कर उस्मान खान द्वारा सरकारी चारागाह भूमि पर बनवाया गया था। फार्महाउस पर लगभग 66.83 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जबकि इसका बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ रुपये आंका गया है।
इस कार्रवाई से पहले आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित लगभग 2.78 करोड़ रुपये की संपत्तियों को पहले ही फ्रीज किया जा चुका था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के पास कोई वैध आय का स्रोत नहीं होने के बावजूद उसने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित कर ली थी। आरोपी उस्मान खान फरार है और न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई आर्थिक जांच में पता चला कि आरोपी ने देवल्दी में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से आवासीय मकान, 1 करोड़ रुपये मूल्य का फार्महाउस, 18 लाख रुपये की स्कॉर्पियो और 30 लाख रुपये की फॉर्च्यूनर वाहन खरीदी। इसके अलावा उसने मारवाड़ी और काठियावाड़ी नस्ल के 5 घोड़े और 10 मुर्रा नस्ल की भैंसें भी खरीदी थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये है। कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2.78 करोड़ रुपये पाया गया, जिसे मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध कमाई माना गया।
संपत्तियों को फ्रीज करने और अवैध निर्माण हटाने के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करी और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.