राजस्थान के अजमेर जिले में पुलिस-माफिया साठगांठ का बड़ा मामला सामने आया है। अजमेर रेंज के महानिरीक्षक (IG) राजेंद्र सिंह को मिली गोपनीय शिकायतों के आधार पर कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक ऊषा यादव ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो पुलिस कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने के कांस्टेबल राजेंद्र चौधरी और पुष्कर थाने के कांस्टेबल रामदेव चौधरी शामिल हैं। इसके साथ ही पुष्कर थाने में तैनात ERV 112 के चालक को गंभीर लापरवाही और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में सेवा से हटा दिया गया है।
जांच में सामने आया है कि नागौर जिले से निकलने वाले अवैध बजरी से भरे ओवरलोड डंपरों को अजमेर और पुष्कर क्षेत्र से सुरक्षित निकालने के लिए एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। आरोप है कि ये पुलिसकर्मी रात के समय डंपरों को नाकाबंदी और चेकपोस्ट से सुरक्षित पार कराने में मदद करते थे। वहीं ERV चालक पर सरकारी वाहन की मूवमेंट और वरिष्ठ अधिकारियों की लोकेशन माफिया तक पहुंचाने का आरोप है।
प्रारंभिक जांच में वित्तीय लेन-देन और माफिया से सीधा संपर्क होने के संकेत मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरुशरण को विस्तृत जांच सौंपी गई है। अधिकारियों के अनुसार जांच में अन्य पुलिसकर्मियों और विभागीय कर्मचारियों की संलिप्तता की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.