जोधपुर में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गैंगवार की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार घायल सन्नी हंस और नामजद आरोपी विशाल पंडित के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना की रात सन्नी हंस अपने साथी विक्की फाइटर के साथ मौजूद था, तभी 5 से 6 बदमाश बाइक और स्कूटी पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले धारदार हथियारों और कुल्हाड़ी से वार किया, जिसके बाद करीब तीन राउंड फायरिंग भी की गई। इस हमले में सन्नी हंस के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया और पीठ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विक्की फाइटर के सिर में गोली लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों को हमला करते और मौके से भागते हुए देखा गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वारदात मोंटू कंडारा गैंग से जुड़े लोगों द्वारा पुरानी रंजिश के चलते की गई है।
देवनगर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर अजय घारू, विशाल पंडित, मोहित चांवरिया, साहिल, टीपू तेजी और मोहित जावा समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस तीन थानों की टीम के साथ आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.