राजस्थान के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने डोटासरा और उनके समधी रमेशचंद पूनिया पर फर्जी ओबीसी प्रमाण पत्र बनवाकर आरएएस भर्ती 2016 में अनुचित लाभ लेने का आरोप लगाया है।
किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया है कि चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं और योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया गया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आरएएस 2016 की मुख्य परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली गरिमा जिंदल को इंटरव्यू में कम अंक दिए गए, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को अधिक अंक देकर चयनित किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि डोटासरा के पुत्र अविनाश के चयन में इंटरव्यू में अधिक अंक दिए गए, जिससे उनका चयन संभव हुआ। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ आरपीएससी पूर्व सदस्यों ने दबाव डालने की बात स्वीकार की है और यदि जांच एजेंसियां चाहें तो वे सभी सबूत देने को तैयार हैं।
किरोड़ी लाल मीणा ने मामले की निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो। इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.