शेखावाटी क्षेत्र में गैंगवार की बढ़ती घटनाओं के बीच सीकर पुलिस और एजीटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीकर शहर और लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में देर रात की गई, जिसमें पुलिस ने चार अत्याधुनिक ऑटोमेटिक हथियार और 64 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार, विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के इशारे पर ये आरोपी सीकर के एक राजनेता और बड़े ज्वैलर को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। पिछले तीन महीनों से यह पूरी योजना तैयार की जा रही थी। पुलिस ने बजाज रोड स्थित एक फ्लैट और रोरू बड़ी गांव में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 18 हजार रुपए प्रतिमाह पर एक फुली फर्निश्ड फ्लैट किराए पर लिया था, जिसमें सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद थीं। इस फ्लैट का उपयोग वे छिपकर अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कर रहे थे। पुलिस पूछताछ में पूरे नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
एजीटीएफ और सीकर पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी इसी गैंग द्वारा हत्या की साजिश रची जा चुकी थी, जिसे नाकाम कर दिया गया था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे गैंग नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे छोटे लालच में आकर अपराध की दुनिया में न फंसें और समाज में शांति बनाए रखें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.