राजधानी जयपुर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) की ओर से शनिवार से 30 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमर जवान ज्योति से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह पहली बार है जब जयपुर में सरकारी सार्वजनिक परिवहन सेवा के रूप में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत हुई है। पिछले कई वर्षों से इस योजना पर काम चल रहा था, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से इसकी शुरुआत लगातार टलती रही। हाल ही में बगराना डिपो में बसें पहुंचने के बाद भी संचालन को कुछ समय के लिए रोका गया था।
इन ई-बसों को प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शामिल किया गया है। बसें पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिनमें एसी, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, ऑटोमैटिक पैसेंजर काउंट सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले शामिल हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्हीलचेयर स्पेस और हाइड्रोलिक गेट की सुविधा भी दी गई है, जिससे सफर अधिक सुविधाजनक होगा।
इन बसों का ट्रायल 26 फरवरी से शुरू किया गया था, जिसमें इंजीनियरों ने बैटरी बैकअप, चार्जिंग क्षमता और ट्रैफिक में प्रदर्शन की जांच की। ट्रायल सफल रहने के बाद अब चरणबद्ध तरीके से बसों को शहर के विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा।
योजना के तहत जयपुर को कुल 450 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इसके अलावा जोधपुर और बीकानेर को 125-125 बसें, अजमेर, अलवर और कोटा को 100-100 बसें तथा उदयपुर, सीकर और भीलवाड़ा को 50-50 बसें दी जाएंगी।
शुरुआती चरण में इन बसों को रूट नंबर 4ए (कानोता से चौमूं पुलिया), रूट नंबर 3 (ट्रांसपोर्ट नगर से द्वारकापुरी) और रूट नंबर 1ए (ट्रांसपोर्ट नगर से वीकेआई) पर संचालित किया जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.