सुल्तानपुर (कोटा) क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर पोलाईकलां के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक चलती ट्रक का टायर अचानक निकलकर दूसरी लेन में जा रही कार से टकरा गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे लगी लोहे की रैलिंग से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार पप्पू कुशवाह (50) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पप्पू कुशवाह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के जालौन स्थित गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार उनका बेटा मनीष कुशवाह चला रहा था। हादसे के दौरान अचानक ट्रक का टायर वाहन से टकराया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और यह बड़ा हादसा हो गया।
हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को कोटा एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। बताया गया कि हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर खून फैल गया और स्थिति बेहद दर्दनाक हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और वाहनों की फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.