राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के सेक्टर-6 में पूर्व मंत्री और राजस्थान युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पवन गोदारा के आवास में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर सूने मकान के ताले तोड़कर नकदी, आभूषण और अन्य कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया और पूरा सामान उसी में भरकर ले गए।
परिवार 29 मई को घर से बाहर गया हुआ था और 8 जून को वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे, कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लिए।
परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद शुरुआती तौर पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे उन्होंने नाराजगी जताई। बाद में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जंक्शन सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा और संदिग्धों की पहचान कर जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताई है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.