राजस्थान की राजधानी जयपुर में केंद्र सरकार के सहकारी मॉडल पर आधारित देश की पहली सहकारी कैब सेवा ‘भारत टैक्सी’ जल्द शुरू होने जा रही है। इस सेवा का सॉफ्ट लॉन्च जून महीने में किया जाएगा, जबकि इसकी औपचारिक शुरुआत जुलाई में प्रस्तावित है। इसे निजी कैब कंपनियों के एक मजबूत, किफायती और उपभोक्ता हितैषी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
भारत टैक्सी के पहले चरण में करीब 7 हजार ड्राइवर अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इस सेवा में ड्राइवरों को ‘सारथी’ नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य ड्राइवरों को बेहतर आय और यात्रियों को पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवा प्रदान करना है।
निजी कैब सेवाओं से अलग भारत टैक्सी शुरुआत में जीरो कमीशन मॉडल पर काम करेगी। फिलहाल ड्राइवरों के लिए किसी प्रकार का सब्सक्रिप्शन शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है, हालांकि भविष्य में संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए न्यूनतम शुल्क लागू किया जा सकता है।
यात्रियों के लिए इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें मौसम, ट्रैफिक या व्यस्त समय के आधार पर किराए में बढ़ोतरी यानी सर्ज प्राइसिंग लागू नहीं होगी। साथ ही राइड रद्द करने पर भी किसी प्रकार का कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा। हालांकि फिलहाल किराए की अंतिम दरों की घोषणा नहीं की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मॉडल ड्राइवरों और यात्रियों दोनों के लिए लाभदायक साबित हो सकता है और आने वाले समय में कैब सेवाओं के क्षेत्र में एक नया विकल्प बनकर उभर सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.