जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार मृतक महेश जाटव मूल रूप से मध्यप्रदेश के शिवपुरी का रहने वाला था और जयपुर में मजदूरी करता था। मृतक के चाचा की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मोनू जाटव उर्फ मोनू चौधरी और मृतक की पत्नी आरती जाटव के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे।
पुलिस जांच के अनुसार 11 जून को मोनू ने महेश को शराब पीने के बहाने त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे बुलाया। वहां उसे नशे में धुत करने के बाद बजरी मंडी क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे पत्नी आरती द्वारा 1200 रुपये देकर हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई है।
हत्या के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लगभग 50 किलोमीटर तक पीछा करते हुए उसे रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मध्यप्रदेश भागने की फिराक में था।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद मोनू ने इंस्टाग्राम कॉल के जरिए पत्नी आरती को जानकारी दी थी और बाद में फरार होने की कोशिश की। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.