राजस्थान आवासन मंडल (हाउसिंग बोर्ड) ने अलवर में फ्लैट खरीदने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत का फैसला लिया है। अब अलवर में बनने वाले फ्लैट्स के लिए ग्राहकों को किस्तों में भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। इससे पहले भिवाड़ी में फ्लैट खरीदने के लिए एकमुश्त राशि जमा करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह नियम बदल दिया गया है।
आवासन मंडल जयपुर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता पी.एल. मीणा ने बताया कि इस बदलाव का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को आवास उपलब्ध कराना और रजिस्ट्रेशन बढ़ाना है, ताकि किसी भी योजना में फ्लैट खाली न रहें।
अलवर के एनईबी एक्सटेंशन में 64 फ्लैट बनाए जाएंगे, जो मध्यम और उच्च आय वर्ग के लोगों के लिए होंगे। इस प्रोजेक्ट में चार टावर तैयार किए जाएंगे। एलआईजी फ्लैट का एरिया 46 वर्ग मीटर होगा, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये तय की गई है, जबकि एमआईजी फ्लैट का एरिया 72 वर्ग मीटर होगा और उसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये होगी। दोनों प्रकार के फ्लैट में दो कमरे होंगे, लेकिन एरिया अलग-अलग रहेगा।
रजिस्ट्रेशन के समय एलआईजी फ्लैट के लिए 50 हजार रुपये और एमआईजी फ्लैट के लिए 70 हजार रुपये शुल्क तय किया गया है। इसके बाद शेष राशि किस्तों में जमा की जा सकेगी। यह बदलाव इसलिए किया गया है क्योंकि भिवाड़ी में पहले 10 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा करनी पड़ती थी, जिससे आवेदन कम आए और कई फ्लैट खाली रह गए।
आवासन मंडल के अनुसार फ्लैट्स के डिजाइन पहले जैसे ही रहेंगे और रेरा से मंजूरी मिलने के बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस नई व्यवस्था से अलवर में आवासीय योजनाओं को बढ़ावा मिलने और आम लोगों को अपना घर खरीदने में आसानी होने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.