अजमेर/राजस्थान। राजस्थान की राजनीति में अपनी सादगीपूर्ण जीवनशैली और जमीनी पकड़ के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद सोशल मीडिया पर एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया। इस संदेश में उन्होंने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि स्वागत समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को रोका जाए और यह राशि समाज के वंचित, असहाय और मूक पशुओं के कल्याण में लगाई जाए।
डॉ. पूनिया ने कहा कि फूलों की भारी मालाएं, महंगे उपहार, साफा और शॉल जैसी पारंपरिक भेंटों से परहेज़ किया जाए। यदि कोई भेंट देना चाहता है, तो एक अच्छी और पढ़ने योग्य पुस्तक दी जा सकती है। इसके अलावा, जो लोग बड़े या महंगे उपहार देना चाहते हैं, उन्हें निर्देश दिया गया कि वे राशि का उपयोग किसी रजिस्टर्ड गौशाला को अंशदान के रूप में करें और रसीद उन्हें सौंपें।
उनका यह सामाजिक संदेश दिव्यांगों की मदद, अनाथ आश्रमों में बच्चों के पोषण, गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने जैसे मानवतावादी कार्यों पर केंद्रित है। डॉ. पूनिया ने भावुक अपील की कि वास्तविक सम्मान वही है जो समाज और जरूरतमंदों के कल्याण में लगाया जाए।
इस पहल से न केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची रोकी जाएगी, बल्कि जनता में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को भी बल मिलेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.