जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा NEET पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर बड़ा विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके रविवार रात करीब 1:30 बजे जयपुर पहुंच गए।
हालांकि शनिवार को पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में रविवार शाम 4:32 बजे सशर्त अनुमति जारी कर दी गई। अनुमति में स्पष्ट शर्तें रखी गई हैं कि प्रदर्शन में 800 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे, कोई डीजे नहीं बजेगा, कोई रैली नहीं निकाली जाएगी और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं डाली जाएगी। यह प्रदर्शन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।
पार्टी की ओर से कहा गया है कि इस आंदोलन का उद्देश्य NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, भर्ती परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखता है और यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नियमों और शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक दीपक बालियान ने बताया कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखेगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी। वहीं मीडिया इंचार्ज अभिषेक जैन बिट्टू के अनुसार इस कार्यक्रम में प्रमुख शिक्षाविद् सोनम वांगचुक और पूर्व सांसद पं. रामकिशन के बेटे संजय भी शामिल हो सकते हैं।
पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.