राजस्थान के अलवर स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में तृतीय खेल विशेष बीआरटीसी (BRTC) बैच की पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें अनुशासन, देशभक्ति और जोश का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर प्रशिक्षु जवानों ने मुख्य अतिथि उप महानिरीक्षक (DIG) संजीव यादव को औपचारिक सलामी दी। जवानों की सटीक कदमताल, अनुशासन और आत्मविश्वास ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
डीआईजी संजीव यादव ने पास आउट हुए सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल देश की सुरक्षा के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण बल है और उन्हें उम्मीद है कि ये नए जवान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे तथा देश का नाम रोशन करेंगे।
इस बैच की खास बात यह रही कि इसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं, जो आने वाले समय में न केवल सुरक्षा सेवाओं में योगदान देंगे, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी एसएसबी और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के दौरान जवानों ने कई रोमांचक और हैरतअंगेज प्रदर्शन भी किए, जिन्हें देखकर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस भावुक और गर्व से भरे मौके पर जवानों के माता-पिता और परिजन भी मौजूद रहे। अपने बच्चों को वर्दी में देश सेवा की शपथ लेते देख उनके चेहरे गर्व और खुशी से भर गए। कार्यक्रम में डॉ. अबीर चौधरी, जेके शर्मा और उप कमांडेंट सुनील कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य समारोह का समापन हुआ, जिसने सभी को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.