जयपुर। राजस्थान में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत प्रदेशभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले छह दिनों में पुलिस ने कुल 50,174 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिससे सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सख्त संदेश दिया गया है।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई उन वाहनों पर की गई जिनकी खिड़कियों पर काली फिल्म लगी हुई थी। ऐसे कुल 19,694 वाहनों पर पुलिस ने कार्रवाई की। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 13,046 वाहन भी कार्रवाई की जद में आए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नंबर प्लेट में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाहनों में किए गए अवैध बदलावों और अनधिकृत सजावट पर भी सख्त कदम उठाए गए हैं। अभियान के तहत 4,757 वाहनों पर अवैध मॉडिफिकेशन के लिए कार्रवाई की गई, जबकि 6,791 मामलों में वाहनों पर अनधिकृत शब्द या चिन्ह पाए गए। पुलिस ने सभी संशोधनों को यातायात नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की है।
यह अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, नियमों का पालन सुनिश्चित करने और वाहन मालिकों को चेतावनी देने के लिए चलाया जा रहा है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.