जयपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिव मंदिर पार्क, गोपालवाड़ी लाइन नंबर-1 के पास “एक पेड़ मां के नाम” और “परिंदे” अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व अंशुल शर्मा द्वारा किया गया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक गोपाल शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति को बचाने के लिए हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने “परिंदे” अभियान के तहत पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था कर समाज को जीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने पानी की आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य स्थानीय मुद्दों को उनके समक्ष रखा। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि सभी जनहित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र के नागरिक किसी भी समस्या के लिए सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.