राजसमंद जिले के नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर और उदयपुर रेंज के साइबर रोकथाम अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने श्रीनाथ कॉलोनी स्थित एक फ्लैट पर दबिश देकर 6 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया है। यह गिरोह ऑनलाइन एस्कॉर्ट और कॉल गर्ल सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी वेबसाइटों पर मोबाइल नंबर दर्ज कर ग्राहकों को युवतियों की तस्वीरें भेजते थे और फिर उनसे बातचीत के दौरान होटल बुकिंग, सर्विस और सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर बड़ी रकम वसूलते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी पीड़ितों के नंबर ब्लैकलिस्ट कर देते थे और संपर्क तोड़ देते थे। यह गिरोह फर्जी सिम कार्ड, बैंक खातों और पहचान का उपयोग कर ठगी की रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर लेता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 36 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, 2 चेकबुक, 21,500 रुपये नकद और एक टाटा कार सहित साइबर ठगी से जुड़े कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया और वेबसाइटों पर लोगों की झिझक और बदनामी के डर का फायदा उठाकर ठगी को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार सभी आरोपी डूंगरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की जांच कर रही है ताकि पूरे साइबर गिरोह का खुलासा किया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.